बिहार चुनाव में लोगों के मुंह पर टंगे होंगे सुशांत, मोदी, पासवान और लालटेन वाले मास्क

बिहार चुनाव में लोगों के मुंह पर टंगे होंगे सुशांत, मोदी, पासवान और लालटेन वाले मास्क

Patna:राजनीतिक पार्टियां खासकर, बिहार में चुनाव के दौरान लोगों के मुंह पर ताले लटकाने जा रही हैं। ताले यानी मास्क। लोग पिछले सात महीनों से मास्क इसलिए लगा रहे हैं कि कोरोना वायरस से बच सकें। पार्टियां अपने मु्द्दे लिखे मास्क या नेताओं के चेहरे छपे मास्क इसलिए मुफ्त वितरित करने जा रही हैं ताकि दूसरी किसी पार्टी का वायरस आपके अंदर नहीं आ सके। पार्टियों के स्लोगन लिखे मास्क के बिहार के आंकड़े चौंकाने वाले हैं।

भाजपा : सुशांत का मास्क
भाजपा यहां सुशांत राजपूत के फाेटो लगे 25 हजार स्टिकर और बीस हजार मास्क बांट चुकी है। इसके अलावा पीएम नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, भारत के नक्शे और पार्टी के चुनाव चिह्न वाले तकरीबन 12 लाख मास्क मुफ्त बांटने की भाजपा की योजना है।

राजद : लालटेन वाला मास्क
राजद आधिकारिक तौर पर ऐसा कुछ नहीं कर रहा है लेकिन उसके नेता और कार्यकर्ता प्रखंड स्तर पर पार्टी के चुनाव चिन्ह ‘लालटेन’ छपे मास्क बांट रहे हैं। कुछ नेता ऐसे कोई दस लाख मास्क बांटने का अनुमान बता रहे हैं।

लोजपा : मधुबनी पेटिंग वाला मास्क
लोजपा ने अपने मास्क में मधुबनी पेंटिंग शैली का इस्तेमाल किया है। पार्टी ऐसे छह लाख मास्क बांटने की तैयारी कर रही है जिनमें से कुछ में संदेश होगा – बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट। बाकी में रामविलास पासवान और चिराग पासवान के फाेटो होंगे।

कांग्रेस : राहुल, प्रियंका-सोनिया के चेहरे पर दांव
पता चला है कि कांग्रेस के कुछ नेता कार्यकर्ता राहुल, प्रियंका और सोनिया गांधी के फाेटो छपे मास्क बांटने की तैयारी में हैं। हालांकि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. मदन मोहन झा का कहना है कि मास्क को लेकर पार्टी की ओर से कोई निर्देश नहीं आया है। उधर रालोसपा अपने चुनाव चिह्न ‘पंखे’ लगे एक लाख मास्क बांटने की तैयारी कर रही है। जबकि भाकपा ऐसा कुछ भी करने नहीं जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *