बिहार में आज मानसून दे सकता है दस्तक,अनेक जिलों में हो सकती है बारिश

बिहार में आज मानसून दे सकता है दस्तक,अनेक जिलों में हो सकती है बारिश

Desk:मानसून के बादलों का रुख बिहार की ओर बढ़ रहा है। मौसम की परिस्थितियों के अनुसार अगले 24 से 36 घंटों में मानसून का प्रवेश प्रदेश में सुनिश्चित है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, सूबे में बारिश की स्थिति का आकलन जारी है। शुक्रवार की बारिश की स्थिति अगर मानसून के आगमन के मानक के अनुकूल पाई गई तो बिहार में इसके आगमन की औपचारिक घोषणा कर दी जाएगी। शनिवार तक तो निश्चित रूप से इसके सूबे में प्रवेश और आंशिक प्रसार के आसार हैं। मानसून के आगमन के बाद राज्य के कई हिस्सों में गरज के साथ बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

राज्य में 14 जून तक येलो अलर्ट जारी किया गया है। अगले 24 से 48 घंटों में तीव्र वज्रपात की परिस्थतियां बनी रहेंगी। कुछ जगहों पर भारी तो कई जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है। गौरतलब है कि सूबे में मानसून के पहुंचने का मानक समय 13 जून है। यह पूर्णिया के रास्ते सूबे में प्रवेश करता है। इस बार इसके समय से पूर्व आगमन की परिस्थतियां पूरी तरह अनुकूल हैं।


बंगाल की खाड़ी की ओर कम दबाव का क्षेत्र बना

बंगाल की खाड़ी की ओर बना चक्रवाती परिसंचरण कम दबाव के क्षेत्र में तब्दील होने को है। यह पश्चिमोत्तर बंगाल की ओर अगले 24 घंटों में प्रसार पाएगा। इसके बाद के 24 घंटों में पश्चिम उत्तर क्षेत्र की ओर बढ़ेगा। इसके अलावा एक ट्रफ रेखा पूर्वी उत्तरप्रदेश से बिहार और गांगेय पश्चिम बंगाल से होकर बंगाल की पूर्वोतर खाड़ी की ओर फैली हुई थी। वह अब एक चक्रवाती परिसंचरण के रूप में दक्षिण उत्तरप्रदेश की ओर स्थित है। इन दोनों मौसमी सिस्टम के प्रभाव से अगले 48 घंटों में गरज के साथ कुछ जगहों पर बारिश का अनुमान है। इस दौरान बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है।

बारिश के बाद उमस की स्थिति, पारा गिरा

पिछले 24 घंटों में पटना समेत राज्य के कई हिस्सों में दिनभर बादल छाए रहे। बारिश के बाद इन जिलों में दिनभर उमस की स्थिति बनी रही। पटना में बादल और सूरज के बीच दिनभर लुकाछिपी चलती रही। बारिश की वजह से सभी शहरों का अधिकतम पारा सामान्य से नीचे आ गया है। अगले दो तीन दिन इसमें और गिरावट आ सकती है। पिछले 24 घंटों में राज्य के जिन हिस्सों में बारिश दर्ज की गई, उनमें त्रिवेणी में 80 मिमी, नौहट्टा में 30 मिमी, रोसड़ा में 20 मिमी, सौलीघाट, जंदाहा, बसुआ, दरभंगा, बरौनी, जाले, समस्तीपुर में 10 मिमी बारिश हुई। मौसमविदों का कहना है कि गुरुवार की रात से राज्य के कुछ भागों में बारिश की तीव्रता बढ़ सकती है। वज्रपात की घटनाएं भी बढ़ेंगी। मौसम विभाग ने लोगों से सचेत रहने की अपील की है।

प्रमुख शहरों में पारा (डिग्री सेल्सियस में) और आर्द्रता (प्रतिशत में) का हाल
शहर अधिकतम न्यूनतम आर्द्रता
पटना 34.6 25.2 65
गया 34.3 26 75
भागलपुर 36.8 27.6 76
पूर्णिया 35.3 26.6 64

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *