बिहार में सरकारी नौकरी चाहिए तो जरूर पढ़ें यह खबर, इस वर्ष 9543 पदों पर बहाली करेगा BPSC

बिहार में सरकारी नौकरी चाहिए तो जरूर पढ़ें यह खबर, इस वर्ष 9543 पदों पर बहाली करेगा BPSC

Patna: बिहार में सरकारी नौकरी (Government Job) चाहिए ताे यह खबर खास आपके लिए ही है। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) साल 2021 में 9543 पदों पर नियुक्ति करने जा रहा है। इनमें संयुक्‍त सिविल सेवाओं से लेकर प्राध्‍यापकों तक के पद शामिल हैं। आयोग ने इसके लिए कवायद आरंभ कर दी है।

64वीं से 66वीं सिविल सेवाओं के लिए होगी बहाली

आयोग के सचिव केशव रंजन ने बताया कि 64वीं संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा में 1450, 65वीं संयुक्त परीक्षा में 550 एवं 66वीं संयुक्त परीक्षा में 689 पदों पर नियुक्ति होनी है। इसके लिए प्रारंभिक परीक्षा हो चुकी है।

राज्‍य में भरे जाएंगे अभियंताओं के रिक्‍त पद

राज्य के भवन निर्माण विभाग, पीएचईडी, आरईओ, पीडब्ल्यूडी विभागों में सहायक अभियंता के 1284 पदों पर भी नियुक्ति की जानी है। इसके लिए 18 जनवरी को मुख्‍य परीक्षा का परिणाम जारी किया जाएगा। फिर साक्षात्कार की प्रक्रिया के बाद लेकर परिणाम जारी कर दिए जाएंगे।

होगी इंजीनियरिंग प्राध्यापकों की भी नियुक्ति

आयोग के सचिव केशव रंजन ने बताया कि राज्य के सरकारी इंजीनियरिंग एवं पॉलिटेक्निक कॉलेजों में भी सहायक प्राध्यापक के पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया चल रही है। इसमें लगभग साढ़े तीन हजार से अधिक पदों पर नियुक्ति की जाएगी।

आपके लिए और भी हैं कई सारे पद

इसके अतिरिक्त न्यायिक सेवा परीक्षा, विभिन्न मेडिकल कॉलेज एवं विश्वविद्यालयों में सहायक प्राध्यापक के पूर्व से अधिसूचित पदों पर साक्षात्कार के आधार पर नियुक्ति की जानी है।

वर्ष 2020 में 1171 पदों पर आयोग ने की भर्ती

बीते साल भी बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की कई उपलब्धियां रहीं। आयोग की ओर से 1171 पदों पर नियुक्ति की गई। इनमें कोरोना काल के दौरान ही राज्य के मेडिकल कॉलेजों के लिए सहायक प्राध्यापकों की नियुक्ति की गई। इसके अतिरिक्त बीएन मंडल विवि (मधेपुरा) में संगीत के 27 प्राध्यापकों एवं राजकीय प्रशिक्षण महाविद्यालय के लिए 26 प्राध्यापकों की नियुक्ति की गई। स्वास्थ्य एवं शारीरिक शिक्षा के 26 प्राध्यापकों के साथ-साथ असिस्टेंट इंजीनियर मैकेनिकल के 102, सिविल के छह पदों पर नियुक्ति की गई। सबसे बड़ी नियुक्ति में राज्य के सभी शिक्षक प्रशिक्षण कॉलेजों के लिए 451 पदों पर नियुक्ति की गई। सचिव केशव रंजन ने बताया कि बीते साल कोरोना के बावजूद 1171 पदों पर नियुक्ति के साथ-साथ 64वीं संयुक्‍त परीक्षा का साक्षात्कार संपन्‍न हुआ। साथ ही 66वीं संयुक्‍त प्रारंभिक परीक्षा भी कराई गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *