बिहार विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने मंगलवार को अपनी पहली लिस्ट जारी कर दी है। पार्टी ने 71 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है। इस बार बीजेपी 101 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। दोनों डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा को भी मैदान में उतारा गया है। सम्राट चौधरी तारापुर से तो विजय सिन्हा लखीसराय से चुनाव लड़ेंगे।
विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव का टिकट कटा
बीजेपी ने इस बार विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव का टिकट काट दिया है। नंदकिशोर यादव पिछले 5 बार पटना सिटी से विधायक रहे हैं। उनकी जगह पार्टी ने रत्नेश कुशवाहा को टिकट दिया है, जो बीजेपी नेता और हाईकोर्ट के वकील हैं।
कुम्हरार से अरुण सिन्हा की जगह संजय गुप्ता
कुम्हरार सीट से 5 बार के विधायक अरुण कुमार सिन्हा को इस बार टिकट नहीं मिला है। पार्टी ने उनकी जगह संजय गुप्ता को प्रत्याशी बनाया है। संजय गुप्ता पार्टी में प्रदेश महामंत्री भी रह चुके हैं।
12 मंत्रियों और 9 महिलाओं को मिला टिकट
घोषित लिस्ट में पार्टी ने 12 मंत्रियों और 9 महिला उम्मीदवारों को जगह दी है। वहीं, 48 विधायकों को रिपीट किया गया है। अब शेष 30 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान जल्द किया जाएगा।
प्रमुख नामों में कौन-कौन हैं
बीजेपी की लिस्ट में कई दिग्गज चेहरे शामिल हैं —
- सम्राट चौधरी: डिप्टी सीएम, इस बार तारापुर से चुनाव लड़ेंगे।
- विजय सिन्हा: डिप्टी सीएम और लखीसराय से वर्तमान विधायक।
- मंगल पांडे: स्वास्थ्य मंत्री, इस बार सीवान से चुनाव लड़ेंगे।
- नीतीश मिश्रा: उद्योग मंत्री, झंझारपुर से फिर उम्मीदवार।
- रामकृपाल यादव: पाटलिपुत्र से पूर्व सांसद, अब दानापुर से विधानसभा उम्मीदवार।
- डॉ. प्रेम कुमार: गया शहर से फिर से मैदान में।
2020 की तुलना में कम महिलाएं
2020 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 110 सीटों पर चुनाव लड़ा था और 13 महिलाओं को टिकट दिया था। इस बार पार्टी 101 सीटों पर लड़ रही है और 9 महिलाओं को प्रत्याशी बनाया गया है।
चुनावी कार्यक्रम तय
बिहार में 6 और 11 नवंबर को वोटिंग होगी। वहीं 14 नवंबर को नतीजे घोषित किए जाएंगे। 2020 के चुनाव में बीजेपी ने 7 अक्टूबर को पहली लिस्ट जारी की थी, जिसमें 27 उम्मीदवारों के नाम थे।