Jyoti Singh on Pawan Singh divorce case post on social media

तलाक केस के बीच सोशल मीडिया पर छलका ज्योति सिंह का दर्द
क्रिप्टिक पोस्ट और रील्स के जरिए इशारों में पवन सिंह पर साध रहीं निशाना

भोजपुरी स्टार पवन सिंह और उनकी पत्नी ज्योति सिंह के बीच चल रहे तलाक मामले ने अब सोशल मीडिया पर भी नया मोड़ ले लिया है। कोर्ट में मामला लंबित रहने के बीच दोनों के रिश्तों की तल्खी अब सोशल मीडिया पोस्ट और स्टोरी के जरिए खुलकर सामने आने लगी है।

ज्योति सिंह सीधे तौर पर पवन सिंह का नाम नहीं ले रही हैं, लेकिन इंस्टाग्राम पर शेयर की जा रही क्रिप्टिक स्टोरी और रील्स को लेकर चर्चाएं तेज हैं। सोशल मीडिया यूजर्स इन पोस्ट को पवन सिंह पर तंज के तौर पर देख रहे हैं।

“स्त्रियों को कमजोर केवल राक्षसों ने बोला है…”

ज्योति सिंह ने इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा, “स्त्रियों को कमजोर केवल राक्षसों ने बोला है, देवताओं ने तो हमेशा ही शक्ति कह के संबोधित किया है।”

एक अन्य पोस्ट में उन्होंने लिखा, “विश्वास वही है, जब आंखें आंसुओं से भरी हों और होंठ फिर भी कहें- महादेव अच्छा करेंगे।”

हालांकि उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन सोशल मीडिया पर इसे पवन सिंह के साथ चल रहे विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है।

बिना सिंदूर दिखीं ज्योति सिंह

इससे पहले भी ज्योति सिंह ने एक रील शेयर की थी, जिसमें वह हाथ में किताब लिए झूला झूलती नजर आई थीं। बैकग्राउंड में देवदास फिल्म का सैड सॉन्ग बैरी पिया बड़ा बेदर्दी, दिल का दर्द न जाने कोई बज रहा था।

इस वीडियो की सबसे ज्यादा चर्चा इसलिए हुई क्योंकि ज्योति पहली बार बिना सिंदूर के नजर आईं। उनके हाथ में एक पीला फूल भी दिखाई दे रहा था।

“स्त्री की हाय मौत से बदतर”

ज्योति सिंह ने इससे पहले इंस्टाग्राम पर लगातार दो स्टेटस भी लगाए थे। पहले पोस्ट में लिखा था, “जरूरी नहीं कि औरत तुम्हें बददुआ दे… उसके दिल की तड़प ही तुम्हारी बर्बादी के लिए काफी है।”

दूसरे स्टेटस में उन्होंने लिखा, “मौत से बदतर कुछ है? स्त्री की हाय।”

हालांकि इन पोस्ट में भी उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन चर्चाएं हैं कि ये पोस्ट इशारों में पवन सिंह को लेकर किए गए हैं।

“पवन सिंह कई लड़कियों की जिंदगी बर्बाद कर चुके”

एक इंटरव्यू में ज्योति सिंह ने पवन सिंह पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा था कि पवन सिंह कई लड़कियों की जिंदगी बर्बाद कर चुके हैं।

ज्योति ने यह भी कहा था कि वह दोबारा शादी नहीं करेंगी और इतनी आसानी से पवन सिंह को भी दूसरी शादी नहीं करने देंगी।

“घूंघट में रहने वाली लड़की पसंद है”

इंटरव्यू के दौरान ज्योति सिंह ने कहा कि पवन सिंह को ऐसी लड़की पसंद है जो घूंघट में रहे और ज्यादा सवाल न करे।

उन्होंने कहा, “उन्हें ऐसी लड़की पसंद है जो पति की हर बात चुपचाप सुन ले, चाहे वह गाली ही क्यों न हो। जवाब देने वाली लड़की उन्हें पसंद नहीं है।”

ज्योति ने कहा कि उनकी जिंदगी का सबसे बड़ा पछतावा शादी है और अब उन्हें किसी से डर नहीं लगता।

“मेरी गलती क्या थी, आज तक नहीं समझ पाई”

ज्योति सिंह ने बताया कि उनका मामला अभी कोर्ट में चल रहा है और वह फिलहाल अपने माता-पिता के साथ रह रही हैं। उन्होंने कहा कि मानसिक रूप से वह काफी उलझन में हैं और आज तक यह समझ नहीं पाई हैं कि आखिर उनकी गलती क्या थी।

उन्होंने कहा कि रिश्तों में लोग बिना पूरी बात समझे प्रतिक्रिया दे देते हैं, जिससे संबंध टूट जाते हैं।

कोविड के दौरान बढ़ी दूरियां

ज्योति सिंह ने कोविड-19 के समय का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौरान पवन सिंह करीब 17 दिनों तक उनके साथ रहे थे। उसी दौरान उन्हें महसूस हुआ कि रिश्ते में काफी कुछ बिगड़ चुका है।

उन्होंने बताया कि साथ रहने के बावजूद दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे।

गुजारा भत्ता को लेकर भी विवाद

गुजारा भत्ता को लेकर भी मामला चर्चा में है। पहले ज्योति सिंह ने 3 करोड़ रुपए की मांग की थी, लेकिन हाल ही में उन्होंने कोर्ट में यह राशि बढ़ाकर 10 करोड़ रुपए कर दी।

इस पर उन्होंने कहा कि जब 3 करोड़ के मामले में ही आठ साल लग गए, तो 10 करोड़ के मामले में और लंबा समय लग सकता है।

अनिरुद्धाचार्य ने भी दी प्रतिक्रिया

इस पूरे विवाद पर कथावाचक अनिरुद्धचार्य की प्रतिक्रिया भी सामने आई है।

दरअसल, कथा के दौरान एक महिला ने उनसे कहा कि उसके पति ने उसे घर से निकाल दिया है और कहा है कि जब तक पवन सिंह अपनी पत्नी को नहीं रखेंगे, वह भी अपनी पत्नी को घर नहीं रखेगा।

इस पर अनिरुद्धाचार्य ने मजाकिया अंदाज में कहा, पवन भाई, अपनी पत्नी ज्योति को घर ले आओ, तुम्हारे चक्कर में किसी और का घर टूट रहा है।

पटना साहिब पहुंचे पंजाब CM भगवंत सिंह मान, परिवार संग टेका मत्था

तख्त श्री हरमंदिर साहिब में की अरदास, BJP पर लोकतंत्र कमजोर करने का लगाया आरोप

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान सोमवार को अपने परिवार के साथ पटना पहुंचे। यहां उन्होंने तख्त श्री हरमंदिर साहिब में पूरे परिवार के साथ माथा टेका और गुरु घर में अरदास की।

पटना पहुंचने के बाद एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा धार्मिक स्थलों की सुरक्षा के लिए बनाए गए विशेष कानून की सफलता और शांति की कामना को लेकर वह तख्त श्री हरमंदिर साहिब पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि तख्त साहिब सिख समुदाय की आस्था का बड़ा केंद्र है और यहां आकर उन्हें आध्यात्मिक शांति मिलती है।

तख्त प्रबंधन कमेटी ने किया स्वागत

तख्त साहिब पहुंचने पर तख्त प्रबंधन कमेटी के पदाधिकारियों और सिख संगतों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष नतमस्तक होकर उन्होंने देश और पंजाब की खुशहाली के लिए अरदास की।

इस दौरान तख्त प्रबंधन कमेटी की ओर से मुख्यमंत्री को पारंपरिक सिरोपा भेंट कर सम्मानित भी किया गया। परिवार के साथ अरदास करते हुए मुख्यमंत्री ने गुरु घर में कुछ समय बिताया और श्रद्धालुओं से भी मुलाकात की।

BJP पर लगाया लोकतंत्र कमजोर करने का आरोप

मीडिया से बातचीत के दौरान आम आदमी पार्टी के सात सांसदों के बीजेपी के साथ जाने के सवाल पर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा।

उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर उन्होंने राष्ट्रपति से मुलाकात भी की है। भगवंत मान ने आरोप लगाया कि देश में लोकतंत्र को कमजोर किया जा रहा है।

उन्होंने कहा, पंजाब में बीजेपी के केवल दो विधायक हैं, लेकिन राज्यसभा में उनके छह सांसद हैं। बीजेपी को दूसरी पार्टियों के विधायक खरीदने और पार्टी तोड़ने की राजनीति छोड़कर देश के विकास पर ध्यान देना चाहिए।

पंजाब में SIR लागू नहीं होने देने की बात

बिहार और पश्चिम बंगाल के बाद पंजाब में SIR लागू होने की चर्चा पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब में सही वोटरों के नाम काटने का कोई प्रयास नहीं होने दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता का अधिकार सबसे महत्वपूर्ण है और वोटरों के अधिकारों की रक्षा करना सरकार की जिम्मेदारी है।

प्रधानमंत्री मोदी पर भी बोला हमला

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पेट्रोल और सोने की खपत कम करने की अपील पर भी भगवंत सिंह मान ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को देश को बताना चाहिए कि भारत के पास पेट्रोल, डीजल और सोने का कितना स्टॉक मौजूद है।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि देश में अघोषित लॉकडाउन जैसी स्थिति बना दी गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री अक्सर “माय फ्रेंड डोनालड ट्रंप” कहते हैं, इसलिए उन्हें अपने मित्र से पूछकर देश को आर्थिक स्थिति और विदेश नीति के बारे में जानकारी देनी चाहिए।

“महंगाई रोकने में असफल रही केंद्र सरकार”

भगवंत सिंह मान ने केंद्र सरकार पर महंगाई को लेकर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महंगाई रोकने में असफल रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान महंगाई पर नियंत्रण रखा गया, लेकिन चुनाव खत्म होते ही पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ा दिए गए। इससे महंगाई और बढ़ेगी तथा लोगों को युद्ध के नाम पर डराया जा रहा है।

सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर तख्त साहिब परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी, ताकि श्रद्धालुओं और आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।