Jyoti Singh on Pawan Singh divorce case post on social media
तलाक केस के बीच सोशल मीडिया पर छलका ज्योति सिंह का दर्द
क्रिप्टिक पोस्ट और रील्स के जरिए इशारों में पवन सिंह पर साध रहीं निशाना
भोजपुरी स्टार पवन सिंह और उनकी पत्नी ज्योति सिंह के बीच चल रहे तलाक मामले ने अब सोशल मीडिया पर भी नया मोड़ ले लिया है। कोर्ट में मामला लंबित रहने के बीच दोनों के रिश्तों की तल्खी अब सोशल मीडिया पोस्ट और स्टोरी के जरिए खुलकर सामने आने लगी है।
ज्योति सिंह सीधे तौर पर पवन सिंह का नाम नहीं ले रही हैं, लेकिन इंस्टाग्राम पर शेयर की जा रही क्रिप्टिक स्टोरी और रील्स को लेकर चर्चाएं तेज हैं। सोशल मीडिया यूजर्स इन पोस्ट को पवन सिंह पर तंज के तौर पर देख रहे हैं।
“स्त्रियों को कमजोर केवल राक्षसों ने बोला है…”
ज्योति सिंह ने इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा, “स्त्रियों को कमजोर केवल राक्षसों ने बोला है, देवताओं ने तो हमेशा ही शक्ति कह के संबोधित किया है।”
एक अन्य पोस्ट में उन्होंने लिखा, “विश्वास वही है, जब आंखें आंसुओं से भरी हों और होंठ फिर भी कहें- महादेव अच्छा करेंगे।”
हालांकि उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन सोशल मीडिया पर इसे पवन सिंह के साथ चल रहे विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है।
बिना सिंदूर दिखीं ज्योति सिंह
इससे पहले भी ज्योति सिंह ने एक रील शेयर की थी, जिसमें वह हाथ में किताब लिए झूला झूलती नजर आई थीं। बैकग्राउंड में देवदास फिल्म का सैड सॉन्ग बैरी पिया बड़ा बेदर्दी, दिल का दर्द न जाने कोई बज रहा था।
इस वीडियो की सबसे ज्यादा चर्चा इसलिए हुई क्योंकि ज्योति पहली बार बिना सिंदूर के नजर आईं। उनके हाथ में एक पीला फूल भी दिखाई दे रहा था।
“स्त्री की हाय मौत से बदतर”
ज्योति सिंह ने इससे पहले इंस्टाग्राम पर लगातार दो स्टेटस भी लगाए थे। पहले पोस्ट में लिखा था, “जरूरी नहीं कि औरत तुम्हें बददुआ दे… उसके दिल की तड़प ही तुम्हारी बर्बादी के लिए काफी है।”
दूसरे स्टेटस में उन्होंने लिखा, “मौत से बदतर कुछ है? स्त्री की हाय।”
हालांकि इन पोस्ट में भी उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन चर्चाएं हैं कि ये पोस्ट इशारों में पवन सिंह को लेकर किए गए हैं।
“पवन सिंह कई लड़कियों की जिंदगी बर्बाद कर चुके”
एक इंटरव्यू में ज्योति सिंह ने पवन सिंह पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा था कि पवन सिंह कई लड़कियों की जिंदगी बर्बाद कर चुके हैं।
ज्योति ने यह भी कहा था कि वह दोबारा शादी नहीं करेंगी और इतनी आसानी से पवन सिंह को भी दूसरी शादी नहीं करने देंगी।
“घूंघट में रहने वाली लड़की पसंद है”
इंटरव्यू के दौरान ज्योति सिंह ने कहा कि पवन सिंह को ऐसी लड़की पसंद है जो घूंघट में रहे और ज्यादा सवाल न करे।
उन्होंने कहा, “उन्हें ऐसी लड़की पसंद है जो पति की हर बात चुपचाप सुन ले, चाहे वह गाली ही क्यों न हो। जवाब देने वाली लड़की उन्हें पसंद नहीं है।”
ज्योति ने कहा कि उनकी जिंदगी का सबसे बड़ा पछतावा शादी है और अब उन्हें किसी से डर नहीं लगता।
“मेरी गलती क्या थी, आज तक नहीं समझ पाई”
ज्योति सिंह ने बताया कि उनका मामला अभी कोर्ट में चल रहा है और वह फिलहाल अपने माता-पिता के साथ रह रही हैं। उन्होंने कहा कि मानसिक रूप से वह काफी उलझन में हैं और आज तक यह समझ नहीं पाई हैं कि आखिर उनकी गलती क्या थी।
उन्होंने कहा कि रिश्तों में लोग बिना पूरी बात समझे प्रतिक्रिया दे देते हैं, जिससे संबंध टूट जाते हैं।
कोविड के दौरान बढ़ी दूरियां
ज्योति सिंह ने कोविड-19 के समय का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौरान पवन सिंह करीब 17 दिनों तक उनके साथ रहे थे। उसी दौरान उन्हें महसूस हुआ कि रिश्ते में काफी कुछ बिगड़ चुका है।
उन्होंने बताया कि साथ रहने के बावजूद दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे।
गुजारा भत्ता को लेकर भी विवाद
गुजारा भत्ता को लेकर भी मामला चर्चा में है। पहले ज्योति सिंह ने 3 करोड़ रुपए की मांग की थी, लेकिन हाल ही में उन्होंने कोर्ट में यह राशि बढ़ाकर 10 करोड़ रुपए कर दी।
इस पर उन्होंने कहा कि जब 3 करोड़ के मामले में ही आठ साल लग गए, तो 10 करोड़ के मामले में और लंबा समय लग सकता है।
अनिरुद्धाचार्य ने भी दी प्रतिक्रिया
इस पूरे विवाद पर कथावाचक अनिरुद्धचार्य की प्रतिक्रिया भी सामने आई है।
दरअसल, कथा के दौरान एक महिला ने उनसे कहा कि उसके पति ने उसे घर से निकाल दिया है और कहा है कि जब तक पवन सिंह अपनी पत्नी को नहीं रखेंगे, वह भी अपनी पत्नी को घर नहीं रखेगा।
इस पर अनिरुद्धाचार्य ने मजाकिया अंदाज में कहा, पवन भाई, अपनी पत्नी ज्योति को घर ले आओ, तुम्हारे चक्कर में किसी और का घर टूट रहा है।

