बिहार में पहली बार आई ऐसी भयावह स्थिति, 17 जिलों में एक दिन में मिले 100 से अधिक मरीज

बिहार में पहली बार आई ऐसी भयावह स्थिति, 17 जिलों में एक दिन में मिले 100 से अधिक मरीज

Patna: बिहार में पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड 75426 जांच हुई। रिकॉर्ड 3992 मरीज मिले। अब संक्रमितों की संख्या 75786 हो गई। पिछले 24 घंटे में 2408 लोग स्वस्थ हुए। इसके साथ 48673 लोग कोरोना को हरा चुके। 19 संक्रमितों की मौत हुई है। पहली बार राज्य में एक साथ 17 जिलों में एक दिन में 100 से अधिक मरीज मिले।

पटना जिले में शनिवार को 492 काेराेना मरीज मिले हैं। जिले में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 12408 हो गई है। इनमें से 8230 मरीज ठीक हाे चुके हैं। अभी 4116 एक्टिव केस हैं। पीएमसीएच में 375 सैंपल की जांच में 41 पॉजिटिव मिले। इनमें पीएमसीएच के एक डॉक्टर और 18 स्वास्थ्यकर्मी भी हैं। दो कंकड़बाग, एक मीठापुर, एक दौलतपुर, एक मरीज सलीमपुर अहरा का है।

आईजीआईएमएस में 1009 सैंपल की जांच में 57 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इनमें संस्थान दो स्वास्थ्यकर्मी और उनके आठ परिजन शामिल हैं। गुरु गोविंद सिंह अस्पताल में 101 लोगों की जांच में 11 पाॅजिटिव मिले। इधर पटना सिटी व्यापार मंडल के सचिव अवधेश सिन्हा ने बताया कि मंडल के अध्यक्ष संक्रमित हो गए हैं। वह होम आइसोलेशन में हैं।

धनरुआ में एएनएम समेत 6, मसाैढ़ी में 3 पॉजिटिव

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, धनरुआ में 103 लोगों की जांच में एक एएनएम समेत 6 लोग पॉजिटिव पाए गए। धनरुआ में अब दो एएनएम संक्रमित हो गई हैं। प्रखंड प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में जांच में तीन पॉजिटिव मिले। फतुहा पीएचसी में जांच में 16 पॉजिटिव मिले। रेफरल अस्पताल, बिहटा में 87 लोगों के टेस्ट में 6 और मनेर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में 56 लोगों की जांच में 4 पॉजिटिव पाए गए।

बिक्रम में 10 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अथमलगोला में 2, बेलछी में एक, पंडारक में 3, बाढ़ में 4 लोग पॉजिटिव पाए गए। बाढ़ अनुमंडल अस्पताल में जांच में 5 लोग पॉजिटिव पाए गए। नौबतपुर पीएचसी में जांच में 5 लोग पॉजिटिव पाए गए। इनमें स्थानीय बीडीओ के निजी वाहन चालक के साथ ही जानीपुर के नहरपुरा और पटना के राजीवनगर के दाे-दाे लाेग हैं।

9 मरीजों की मौत, 40 ठीक होकर घर लौटे

एनएमसीएच में दो काेराेना मरीजों की मौत हो गई। इनमें बिहटा के सिपाही साव और रामकृष्णानगर के अनिल कुमार शामिल हैं। पटना एम्स में चार मरीजाें की माैत हाे गई, जिनमें खगाैल की सुनीता देवी, महेंद्रू के अरविंद कुमार सिन्हा, इंद्रपुरी के रंजीत कुमार सिंह और रक्साैल के जगदीश रुंगटा शामिल हैं। पीएमसीएच के कोविड अस्पताल में तीन कोरोना मरीजों की मौत हुई है। इनमें रूपेश कुमार पूर्वी चंपारण, रामकेश्वर फतुहा और मनोरंजन सिन्हा आलमगंज के रहने वाले थे।

उधर एनएमसीएच से स्वस्थ हुए 20 मरीजों को छुट्टी दी गई। अबतक स्वस्थ हुए 1319 मरीजों को एनएमसीएच से डिस्चार्ज किया जा चुका है। अभी यहां 78 कोरोना मरीजों का इलाज चल रहा है। पटना एम्स से 18 काेराेना मरीज काे डिस्चार्ज किया गया। डिस्चार्ज हाेने वालाें में गया के डाॅक्टर अशाेक कुमार सिन्हा और मुजफ्फरपुर के डाॅक्टर माधव शरण प्रसाद भी शामिल हैं।

एम्स में अभी 271 मरीजाें का इलाज चल रहा है। पीएमसीएच के कोविड अस्पताल से दो मरीजों को छुट्टी मिली। उन्हें गुलाब देकर विदा किया गया। प्राचार्य डॉ. विद्यापति चौधरी और अधीक्षक डॉ. विमल कारक ने कहा कि अबतक करीब 60 काेराेना मरीज को अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है। यहां जांच, दवा, इलाज, भोजन, नाश्ता सब कुछ मुफ्त मुहैया कराया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *